ग्राहक बनकर आया और रेस्टोरेंट स्टाफ की ले ली जान, खून से सना चाकू लेकर गिरफ्तार हुआ आरोपी

रांची के धुर्वा स्थित रेस्टोरेंट में ग्राहक ने मामूली विवाद के बाद स्टाफ के गले पर चाकू से हमला कर की हत्या, सीसीटीवी की मदद से आरोपी गिरफ्तार।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित एक रेस्टोरेंट में मामूली विवाद के बीच खूनी वारदात सामने आई है। जेपी मार्केट के टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में एक ग्राहक ने स्टाफ के गले पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद हुआ है।

मृतक की पहचान अजय कुमार दास (36) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गिरिडीह जिले के तिसरी के रहने वाले थे। घटना मंगलवार, 17 नवंबर की रात करीब 9:40 बजे की है। हमले में गंभीर रूप से घायल अजय को तत्काल इलाज के लिए पारस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

रांची पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार झा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर संदिग्ध की पहचान कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के पास से चाकू और खून लगा शर्ट बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है। वह धुर्वा थाना क्षेत्र के डायमंड फील्ड स्थित डीटी/210 का निवासी है। उसके पिता का नाम उमाशंकर लाल बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ खून से सना शर्ट जब्त किया है।

आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमित कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में धुर्वा थाना में कांड संख्या 59/25 दर्ज किया गया था।

इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

छापेमारी टीम में हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार झा, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह, लव कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।