रांची : मांडर के बूढ़ाखुखरा मैदान में आयोजित राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को उत्साह और जनभागीदारी के बीच संपन्न हुआ। मांडर विधानसभा स्तरीय प्रखंड युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब शामिल हुए। टूर्नामेंट में उदय भानु चिब ने कहा कि खेल युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। वहीं, शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को मंच देना भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

प्रतियोगिता में मॉडल P2 ने प्रथम स्थान हासिल कर एक लाख रुपये एवं ट्रॉफी जीती। अन्य विजेता टीमों को भी नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन ने युवाओं में खेल भावना, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कृषि मंत्री सह मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की उपस्थित रहे।



