
Liquor Smuggling : पलामू में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गरीब रथ एक्सप्रेस से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की है। ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत की गई इस कार्रवाई में 148 लीटर झारखंड निर्मित देसी शराब जब्त की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के जपला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम नियमित गश्त और जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान रांची-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस के G-6 कोच के पास पांच लावारिस प्लास्टिक के बोरे पड़े मिले। बोरे संदिग्ध लगने पर जवानों ने आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उन पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में जब बोरों की तलाशी ली गई तो अंदर बड़ी मात्रा में देसी शराब मिली। बरामद शराब में कैप्टन, तनाका और रॉयल झारखंड ब्रांड की कुल 645 बोतलें शामिल थीं। सभी बोतलों को मिलाकर करीब 148 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 29 हजार रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों ने मौके पर ही जब्ती की प्रक्रिया पूरी कर पूरी खेप को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज को सौंप दिया गया।
फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की यह खेप किसकी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। आरपीएफ का कहना है कि रेलवे के जरिए होने वाली अवैध तस्करी पर नजर रखने के लिए ऑपरेशन ‘सतर्क’ आगे भी जारी रहेगा।

