Flat Theft : राजधानी रांची में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पंडरा थाना क्षेत्र के इटकी रोड स्थित डार्लिंग आर्केड अपार्टमेंट में बदमाशों ने एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, फ्लैट मालिक घर पर नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर चोर अंदर घुसे और अलमारी में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और 10 लाख रुपये नकद लेकर चलते बने। घटना के सामने आने के बाद अपार्टमेंट के लोगों में दहशत का माहौल है।
हालांकि बदमाशों की पूरी करतूत अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां कैद होने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
इधर, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शहर के बीचोंबीच दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।


