
JPSC PT Result : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। वहीं, प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के लिए मुख्य (लिखित) परीक्षा का ऑनलाइन आवेदन 3 जुलाई*से शुरू हो गया है।
आयोग के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम झारखंड हाईकोर्ट के 30 जून 2026 के आदेश के बाद जारी किया गया है। यह आदेश W.P.(S) No. 1276/2026 (विकास चंद्र एवं अन्य बनाम झारखंड सरकार एवं अन्य) और इससे जुड़े अन्य मामलों में पारित किया गया था। आदेश 2 जुलाई को अपलोड होने के बाद आयोग ने परिणाम प्रकाशित किया।
जेपीएससी ने स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी तरह की तकनीकी या टंकण संबंधी त्रुटि सामने आती है, तो उसे सुधारने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।
मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 से मुख्य (लिखित) परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान सभी जरूरी प्रमाण-पत्र और अन्य दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करना होगा। दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जमा करने की प्रक्रिया और अन्य विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले वेबसाइट पर जारी सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें, ताकि फॉर्म भरने में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

