रांची में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा कल, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11 केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद द्वारा 12 जुलाई को आयोजित होने वाली ‘पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026’ को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सभी 11 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा जारी कर दी है।

यह परीक्षा रविवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर लागू की गई यह निषेधाज्ञा सुबह 07:30 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के संयुक्तादेश से परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने, किसी भी प्रकार की जनसभा या बैठक आयोजित करने, लाउडस्पीकर का उपयोग करने और लाठी-डंडा, तीर-धनुष, बंदूक, राइफल जैसे किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, यह नियम सरकारी कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों और शवयात्रा पर लागू नहीं होगा।

इन 11 केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा

प्रशासन द्वारा जिन केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है, उनमें विवेकानंद विद्या मंदिर (धुर्वा), सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (धुर्वा), मनन विद्या (डुमरदगा, बूटी रोड), सेंट एनीस इंटरमीडिएट कॉलेज (पुरुलिया रोड), सेंट जॉन्स हाई स्कूल (कर्बला टैंक रोड), सेंट पॉल कॉलेज (चर्च रोड), सेंट एनीस गर्ल्स हाई स्कूल (पुरुलिया रोड), छोटानागपुर पब्लिक स्कूल (बूटी रोड), सेंट मार्गरेट गर्ल्स हाई स्कूल (बहू बाजार), उर्सुलिन इंटर कॉलेज (डॉ. कामिल बुल्के पथ) और सेंट पॉल हाई स्कूल (चर्च रोड) शामिल हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।