
टोमैटो केचप का इस्तेमाल आमतौर पर समोसे, पकौड़े, फ्रेंच फ्राइज और पराठों के साथ किया जाता है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यह किचन का एक बेहतरीन क्लीनिंग एजेंट भी बन सकता है। केचप में मौजूद प्राकृतिक अम्ल धातु की सतह पर जमी गंदगी और कालापन हटाने में मदद कर सकते हैं।
तांबे के बर्तनों की चमक लौटाएं
समय के साथ तांबे के बर्तनों पर काली परत जमने लगती है, जिससे उनकी चमक फीकी पड़ जाती है। ऐसे में बर्तन की सतह पर टोमैटो केचप लगाकर लगभग 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद गर्म पानी में भीगे मुलायम सूती कपड़े से साफ करें। इससे तांबे के बर्तनों की चमक काफी हद तक वापस आ सकती है।
पीतल के सामान को करें साफ
घर के दरवाजों के हैंडल, सजावटी दीपक और कई अन्य वस्तुएं पीतल (ब्रास) से बनी होती हैं। समय के साथ इन पर भी कालापन आने लगता है। ऐसे में थोड़ी मात्रा में टोमैटो केचप लगाकर कुछ देर छोड़ दें और फिर साफ कपड़े से पोंछ लें। इससे पीतल की सतह अधिक साफ और चमकदार दिखाई दे सकती है।
चांदी के बर्तनों के लिए भी उपयोगी
चांदी के बर्तन और बर्तन सेट हवा के संपर्क में आने से अपनी चमक खो देते हैं। इन्हें साफ करने के लिए केचप की पतली परत लगाएं और करीब 5 मिनट बाद मुलायम कपड़े से धीरे-धीरे पोंछ दें। इससे जमी हुई मैल हटाने और चमक बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

