
Jasmine Sandlas : पंजाबी और बॉलीवुड गायिका जैस्मिन सैंडलस ने अपने प्रशंसकों को बड़ा सरप्राइज देते हुए अपनी सगाई का ऐलान कर दिया है। दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में शनिवार रात आयोजित ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के उद्घाटन शो के दौरान जैस्मिन ने पहली बार अपने मंगेतर शेखर चौधरी को दुनिया के सामने पेश किया। इस भावुक पल के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
कॉन्सर्ट के दौरान जैस्मिन ने शेखर का हाथ पकड़कर दर्शकों से कहा, “यही वह शख्स हैं जिन्होंने मुझे अंगूठी पहनाई है। ये मेरे हैं।” इसके बाद दोनों ने स्टेज पर एक-दूसरे को गले लगाया और जैस्मिन ने अपनी सगाई की अंगूठी भी फ्लॉन्ट की।
इसके बाद दोनों ने जैस्मिन के लोकप्रिय गीत ‘Laavan’ पर रोमांटिक डांस किया, जिसे दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ सराहा। स्टेज से जाते समय शेखर ने जैस्मिन को फ्लाइंग किस भी दी, जिसके बाद गायिका भावुक नजर आईं। जैस्मिन सैंडलस की सगाई की घोषणा के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनके मंगेतर शेखर चौधरी की हो रही है। हालांकि, उनके बारे में फिलहाल बहुत कम जानकारी सार्वजनिक है।
जैस्मिन ने अपने रिश्ते को अब तक निजी रखा था। हालांकि, पिछले कुछ सप्ताहों में प्रशंसकों ने शेखर को उनके इंस्टाग्राम पोस्ट और वीडियो में कई बार देखा था। दोनों को एयरपोर्ट पर साथ यात्रा करते हुए और वृंदावन में स्वामी प्रेमानंद महाराज के दर्शन के दौरान भी साथ देखा गया था, लेकिन उस समय जैस्मिन ने उनके बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की थी। पंजाब के जालंधर में जन्मीं और अमेरिका के कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में पली-बढ़ीं जैस्मिन सैंडलस ने वर्ष 2007 में अपने पहले गीत ‘Muskan’ से संगीत करियर की शुरुआत की थी।
उन्हें बॉलीवुड में बड़ी पहचान साल 2014 में सलमान खान की फिल्म ‘Kick’ के सुपरहिट गीत ‘Yaar Na Miley’ से मिली। इसके बाद उन्होंने Taras, Illegal Weapon, Laavan, Panjeba, Sip Sip, Shararat और Jaiye Sajana जैसे कई लोकप्रिय गीत दिए।
दिल्ली कॉन्सर्ट के साथ उनके ‘ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की शुरुआत हो चुकी है। अब वह 18 जुलाई को मुंबई, 25 जुलाई को बेंगलुरु और 29 अगस्त को चंडीगढ़ में प्रस्तुति देंगी।
फिलहाल जैस्मिन और उनकी टीम ने शादी की तारीख या अन्य योजनाओं का खुलासा नहीं किया है। ऐसे में उनके प्रशंसक अब इस चर्चित जोड़ी की शादी का इंतजार कर रहे हैं।

