BJP पर राकेश सिन्हा का तीखा वार, बोले- ‘मोमेंटम झारखंड’ की री-पैकेजिंग करने वाले आज दे रहे ज्ञान

कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने 'मोमेंटम झारखंड' और निवेश के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए विकास, उद्योग, रोजगार और न्यूक्लियर पावर परियोजना को लेकर सवाल उठाए।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा ने अपने शासनकाल में मोमेंटम झारखंडके नाम पर लाखों करोड़ रुपये के निवेश के दावे किए थे, वही आज निवेश के मुद्दे पर सवाल उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले यह बताए कि उस समय घोषित निवेश में से कितना वास्तव में जमीन पर उतरा।

झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है भाजपा

राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा की राजनीति अब पूरी तरह झूठ, भ्रम और नकारात्मकता पर आधारित हो गई है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में निवेश, उद्योग और रोजगार को लेकर सकारात्मक माहौल बना है, जिससे भाजपा असहज महसूस कर रही है। इसी वजह से वह हर निवेश और विकास परियोजना पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि निवेश की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है। इसमें एमओयू, निवेश प्रस्ताव, परियोजना की स्वीकृति, भूमि आवंटन, वैधानिक अनुमति और उत्पादन शुरू होने जैसे अलग-अलग चरण शामिल होते हैं। किसी परियोजना की प्रगति की जानकारी देना री-पैकेजिंगनहीं, बल्कि सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उनका आरोप है कि भाजपा जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।

न्यूक्लियर पावर परियोजना पर भी उठाए सवाल

राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा न्यूक्लियर पावर परियोजना पर सवाल उठा रही है, जबकि केंद्र में उसकी अपनी सरकार है। उन्होंने पूछा कि यदि इस परियोजना के लिए केंद्र की मंजूरी जरूरी है, तो भाजपा स्पष्ट करे कि क्या केंद्र सरकार झारखंड के विकास में सहयोग करेगी या राजनीतिक कारणों से राज्य की परियोजनाओं को रोकने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह तय करना चाहिए कि वह राज्य के विकास की भागीदार बनना चाहती है या फिर विकास कार्यों में बाधा डालने की राजनीति जारी रखेगी।

भाजपा को विकास नहीं अपना राजनीतिक भविष्य दिख रहा है

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा को झारखंड में निवेश से ज्यादा अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता है। इसी कारण वह हर सकारात्मक पहल पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में न नए उद्योग लगे, न युवाओं को पर्याप्त रोजगार मिला और न ही पलायन रुका। इसके उलट कई उद्योग बंद हुए और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार राज्य में उद्योगों को आकर्षित कर झारखंड को नई आर्थिक दिशा देने की कोशिश कर रही है, लेकिन भाजपा इसे भी राजनीतिक मुद्दा बना रही है।

केंद्र से सहयोग की मांग

राकेश सिन्हा ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में झारखंड के विकास की पक्षधर है, तो उसे केंद्र सरकार से राज्य की औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश प्रस्तावों को जल्द मंजूरी दिलाने का प्रयास करना चाहिए। उनका कहना था कि केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाने से न उद्योग लगेंगे और न ही युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने अंत में कहा कि झारखंड की जनता अब विज्ञापनों, जुमलों और बड़े-बड़े दावों के बजाय जमीन पर दिखने वाले विकास को महत्व देती है। कांग्रेस पार्टी और हेमंत सोरेन सरकार राज्य में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।