
रांची : झारखंड कैडर के 2006 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में जेल आईजी के पद पर तैनात सुदर्शन मंडल की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सुदर्शन मंडल को दिल का दौरा पड़ा है। इसके बाद उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट कर इलाज शुरू किया गया। अस्पताल में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
डॉक्टरों की विशेष टीम कर रही स्वास्थ्य की निगरानी
सैमफोर्ड अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम सुदर्शन मंडल के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। फिलहाल उनका कार्डिएक ट्रीटमेंट चल रहा है और जरूरी मेडिकल जांच भी की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। हालांकि, चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।

