रांची में पहली बार सजेगा फुटबॉल का महाकुंभ, डूरंड कप को लेकर तैयारियां तेज

रांची में 26 जुलाई से शुरू होने वाले डूरंड कप 2026 की तैयारियां तेज हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, साफ-सफाई, ट्रॉफी टूर और खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर अहम निर्देश दिए।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुण्डा स्टेडियम में होंगे मुकाबले, ट्रॉफी टूर 18 जुलाई को

रांची: राजधानी रांची में डूरंड कप के 135वें संस्करण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुण्डा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता करते हुए पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने फायर सेफ्टी, स्टेडियम ब्रांडिंग, खिलाड़ियों और अतिथियों के ठहराव, आमंत्रण पत्र वितरण तथा सुरक्षा व्यवस्था को उच्च मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा। सचिव ने मैच शेड्यूल के अनुसार विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मैजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति का भी निर्देश दिया। नगर निगम को खेल स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की सुनियोजित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जबकि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात के साथ सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया गया।

टूर्नामेंट के प्रति आमजन में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय थल सेना द्वारा 18 जुलाई 2026 को रांची में ट्रॉफी टूर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ट्रॉफी को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा, जिससे लोगों को इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत, खेल प्राधिकरण, पर्यटन, संस्कृति एवं सूचना-जनसंपर्क विभाग सहित सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजधानी में होने वाला यह आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ फुटबॉल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में मुख्यरूप से नगर आयुक्त सुशांत गौरव, निदेशक खेल छवि रंजन, कर्नल हेम चंद्रा सेना के नोडल पदाधिकारी, मेजर आनंद, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर ऊर्जा विभाग जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉक्टर प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, कार्यपालक अभियंता झारखंड खेल प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों व जिला प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।