गिरिडीह में मंगेतर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, युवती ने जीजा के साथ मिलकर रची साजिश

गिरिडीह में मंगेतर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, शादी से बचने के लिए युवती ने जीजा संग रची साजिश। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चाकू और स्कूटी बरामद की।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • शादी नहीं करना चाहती थी युवती, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल स्कूटी और चाकू बरामद किए

Giridih Murder Case : झारखंड के गिरिडीह जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां लापता हुए 20 वर्षीय युवक नीरज हाजरा की गुमशुदगी का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस ने इस मामले में युवक की मंगेतर उर्मिला कुमारी और उसके जीजा सुभाष पासवान उर्फ राजदेव हाजरा को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने मिलकर नीरज की हत्या की और शव को जंगल में फेंक दिया।

5 जुलाई को हुई थी गुमशुदगी की शिकायत

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को नीरज के पिता शुभम हाजरा ने जमुआ थाना में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुछ दिनों तक जब नीरज का कोई पता नहीं चला तो परिवार ने अपहरण की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया।

जंगल से मिला युवक का शव

जांच के दौरान पुलिस को बिहार के जमुई जिले के बिचकोडवा थाना क्षेत्र स्थित बेला जंगल से एक अज्ञात शव मिलने की जानकारी मिली। पहचान कराने पर शव नीरज हाजरा का निकला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उर्मिला और सुभाष को हिरासत में लिया।

शादी से बचने के लिए रची गई साजिश

पूछताछ में सामने आया कि उर्मिला की शादी नीरज से तय हुई थी, लेकिन वह यह रिश्ता नहीं चाहती थी। पुलिस के मुताबिक, उर्मिला का अपने जीजा सुभाष पासवान से प्रेम संबंध था। परिवार के सामने वह यह बात नहीं रख सकी। इसी वजह से दोनों ने मिलकर नीरज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि नीरज की चाकू मारकर हत्या की गई और बाद में शव को बेला जंगल में फेंक दिया गया।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई होंडा स्कूटी और दो चाकू बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।