पश्चिम बंगाल में इस वर्ष 7.2 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे: शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल में अरण्य सप्ताह के दौरान 7.2 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वन विभाग को अभियान तेज करने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि राज्य में इस वर्ष 7.2 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से वृक्षारोपण अभियान में तेजी लाने और इस मामले में उत्तर प्रदेश से प्रतिस्पर्धा करने को कहा। मंगलवार से शुरू हो रहे सप्ताह भर के ‘अरण्य सप्ताह’ अभियान की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा के दौरान अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य भर में आयोजित होने वाले 75 रथयात्रा मेलों में लगाए जाने वाले सरकारी सेवा केंद्रों के माध्यम से पौधों का वितरण किया जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘इन शिविरों से पौधों का वितरण शुरू करें। फलदार पौधों के साथ-साथ तटीय क्षेत्रों में, जहां आंधी-तूफान अधिक आते हैं, नारियल के पौधों के वितरण को भी प्रोत्साहित करें। हमने 7.2 करोड़ पौधे लगाने का फैसला किया है।’’ देश के अन्य हिस्सों में घोषित वृक्षारोपण लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को इस मामले में पीछे नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह मैंने एक समाचार चैनल पर देखा कि उत्तर प्रदेश 26 करोड़ पौधे लगाने की योजना बना रहा है और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह भी अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर (गुजरात) में 1.20 करोड़ पौधे लगाएंगे। पश्चिम बंगाल भी एक बड़ा राज्य है और मेरा मानना है कि हम इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।’’

मुख्यमंत्री ने वन विभाग के सचिव और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के आयुक्त को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पौधों के वितरण की योजना तैयार करने का भी निर्देश दिया, ताकि अभियान में लोगों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अधिकारी ने लोगों से वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रत्येक नागरिक से ‘अरण्य सप्ताह’ मनाने और अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने का आग्रह करता हूं।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।