नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान में ड्यूटी कर रहे सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और बूथ लेवल सुपरवाइजरों को एकमुश्त 6,000 रुपये मानदेय देने का फैसला किया है। मंगलवार देर रात जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय उन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों पर लागू होगा, जहां विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य चल रहा है। इनमें झारखंड भी शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने कहा कि SIR अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजरों पर कार्यभार काफी बढ़ जाता है। इसी अतिरिक्त जिम्मेदारी को देखते हुए उन्हें यह एकमुश्त मानदेय देने का निर्णय लिया गया है। यह राशि उनके वार्षिक पारिश्रमिक से अलग होगी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव, झारखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा और उत्तराखंड में भी चल रहा है। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR अभियान में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों और बूथ लेवल सुपरवाइजरों को चुनाव आयोग के इस फैसले का लाभ मिलेगा।


