
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित रानीकुदर रोड नंबर-3 से इस्कॉन की ओर से भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरे मार्ग पर “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रथयात्रा प्रारंभ होने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सुसज्जित रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के विग्रह विराजमान किए गए। श्रद्धालुओं ने रथ को खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन तथा भक्ति नृत्य का आयोजन हुआ।
इस धार्मिक आयोजन में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद और भोग का वितरण भी किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि रथ को तैयार करने में बच्चों और युवाओं ने कई दिनों तक मेहनत की। उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह भव्य और अनुशासित रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
रथयात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान जगन्नाथ की इस पावन यात्रा ने शहरवासियों को भक्ति, प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

