
फरहान अख्तर स्टारर स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘तूफान’ ने अपनी रिलीज के पांच साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की यादगार झलकियां साझा करते हुए पुराने दिनों को फिर से जीवंत कर दिया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो के साथ फरहान ने लिखा, “तूफान को दिलों पर राज करते हुए 5 साल पूरे हो गए। आइए इस शानदार सफर का जश्न मनाएं।” इस पोस्ट के बाद फिल्म के प्रशंसकों ने भी कमेंट्स के जरिए अपनी यादें साझा कीं और फिल्म की कहानी, अभिनय व प्रेरणादायक संदेश की जमकर सराहना की।
यादगार वीडियो में दिखी संघर्ष से सफलता तक की कहानी
फरहान द्वारा साझा किए गए वीडियो में फिल्म के कई भावुक और दमदार पल शामिल हैं। इसमें मृणाल ठाकुर के साथ उनके इमोशनल सीन्स, कठिन बॉक्सिंग ट्रेनिंग, रिंग के अंदर रोमांचक मुकाबले और उनके किरदार के जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन की झलक देखने को मिलती है। फिल्म में फरहान की फिटनेस और बॉक्सर के रूप में उनकी तैयारी उस समय काफी चर्चा में रही थी। उनके समर्पण और मेहनत को दर्शकों ने खूब सराहा था।
संघर्ष, प्यार और बदलाव की प्रेरक कहानी
राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी ‘तूफान’ वर्ष 2021 में रिलीज हुई एक हिंदी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है। फिल्म में फरहान अख्तर ने अजीज अली उर्फ अज्जू भाई का किरदार निभाया है, जो मुंबई के डोंगरी इलाके का एक वसूली करने वाला युवक होता है। उसकी मुलाकात डॉ. अनन्या प्रभु (मृणाल ठाकुर) से होती है, जिसके बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। अनन्या की प्रेरणा से वह अपराध की दुनिया छोड़कर बॉक्सिंग में अपना भविष्य बनाने का फैसला करता है। फिल्म में परेश रावल ने अनन्या के पिता और बॉक्सिंग कोच नाना प्रभु की प्रभावशाली भूमिका निभाई। संघर्ष, आत्मविश्वास और बदलाव का संदेश देने वाली यह फिल्म आज भी दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाए हुए है।

