
Pundag River Waterlogging : लगातार हो रही बारिश के बीच राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित पीपर टोली, नागड़ा ढीपा और तारा नगर आवासीय परिसर में एक बार फिर पुंदाग नदी का पानी घरों में घुस गया। शनिवार को कई घरों में जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंच मंदिर मार्ग के पास पुंदाग नदी किनारे बनी गार्ड वॉल की ऊंचाई कम होने के कारण हर साल बरसात में नदी का पानी रिहायशी इलाके में घुस जाता है। पिछले वर्ष भी बाढ़ का पानी पंच मंदिर परिसर तक पहुंच गया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद वार्ड संख्या-36 के वार्ड सुपरवाइजर महादेव भेंगरा ने रांची नगर निगम को जानकारी दी। इसके बाद निगम की टीम पानी निकासी के लिए मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने पिछले साल ही नगर निगम से गार्ड वॉल की ऊंचाई कम से कम तीन फीट बढ़ाने की मांग की थी। निगम के अभियंताओं ने स्थल का निरीक्षण कर प्रस्ताव भी तैयार किया और बोर्ड को भेज दिया, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका।
हर साल होने वाले जलभराव से परेशान लोगों ने मेयर रोशनी खलखो और नगर आयुक्त से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि अगर गार्ड वॉल की ऊंचाई समय रहते बढ़ा दी जाए तो बरसात में होने वाली इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

