JSSC परीक्षा को लेकर लातेहार प्रशासन अलर्ट, 16 केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम

JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर लातेहार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। 19 जुलाई को 16 केंद्रों पर तीन पालियों में परीक्षा होगी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Regional Worker Exam : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से कराने के लिए लातेहार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को उपायुक्त संदीप कुमार और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक और परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी तरह का समझौता नहीं होगा। सभी अधिकारी समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी तरह की नकल या गड़बड़ी रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि 19 जुलाई को जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी।

परीक्षा का समय इस प्रकार रहेगा

पहली पाली: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक (प्रवेश सुबह 6:30 बजे से, 8:00 बजे के बाद प्रवेश बंद)
दूसरी पाली: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
तीसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक (प्रवेश दोपहर 2:00 बजे से, 2:30 बजे के बाद प्रवेश बंद)

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड के साथ समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।