बीमार पिता का इलाज कराने गया था बेटा
मिली जानकारी के अनुसार, छोटन डोम अपने बीमार पिता सागर डोम को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नाला लेकर गया था। इलाज कराने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सियार कटिया गांव के पास सड़क हादसा हो गया, जिसमें दोनों की जान चली गई।
हालांकि, हादसा किस वाहन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पिता-पुत्र की मौत से भड़का ग्रामीणों का आक्रोश
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पूर्व मंत्री बाटुल झा भी मौजूद रहे।
मौके पर पहुंची पुलिस, जाम हटाने की कोशिश
सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौत से संगा जोड़ी गांव समेत आसपास के इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों की मांगों और सड़क जाम को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।


