परीक्षा में अनियमितताओं के मुद्दे पर विद्यार्थियों से संवाद करे केंद्र सरकार: नवीन पटनायक

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भुवनेश्वर: बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने केंद्र सरकार से परीक्षाओं के आयोजन में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों से वार्ता शुरू करने और इस मुद्दे पर संसद में व्यापक चर्चा कराने की रविवार को अपील की। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) रद्द किए के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं। पटनायक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘राजनीति से ऊपर उठकर मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि वह कई दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के साथ सार्थक संवाद शुरू करे। उन्हें अपनी बात रखने के लिए उचित मंच मिलना चाहिए।’’
परीक्षाओं के संचालन में कथित कुप्रबंधन के कारण शिक्षा व्यवस्था में भरोसा कमजोर पड़ने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘एक जीवंत लोकतंत्र संवाद से आगे बढ़ता है, मौन से नहीं। जब देश के युवाओं की बात हो, तब यह संवाद और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।’’ पटनायक ने कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों से जुड़ा यह मुद्दा संसद में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘यह विषय लोकतंत्र के मंदिर संसद में गंभीर और व्यापक चर्चा का हकदार है, ताकि ऐसे ठोस सुधार किए जा सकें जिनसे प्रश्नपत्र लीक, मूल्यांकन में त्रुटियां और व्यवस्थागत विफलताएं भविष्य में दोबारा न हों।’’

उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्तमान नेतृत्व की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है। पटनायक ने कहा, ‘‘हम उन्हें निराश नहीं कर सकते। शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ ईमानदारी और खुले मन से किया गया संवाद लोकतंत्र, शिक्षा व्यवस्था और नेतृत्व में उनका विश्वास बहाल करने में मदद करेगा। बीजू जनता दल देश के युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश के लाखों बच्चों के लिए शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा आधार है। हर विकसित राष्ट्र की नींव एक मजबूत शिक्षा प्रणाली और पारदर्शी एवं विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था पर टिकी होती है।’’

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।