विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। NEET मुद्दे पर सदस्यों ने विरोध जताया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: लोकसभा में सोमवार को विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्वाह्न 11 बजे सदन की बैठक शुरू होने के बाद सदन के छह पूर्व सदस्यों और कतर के पूर्व अमीर के निधन की सूचना दी और सदस्यों ने कुछ क्षण मौन रखकर दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस के कुछ सदस्यों को नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने समेत कथित अनियमितताओं के कारण कुछ छात्रों की मौत के मामलों को उठाते एवं उन्हें भी श्रद्धांजलि दिए जाने की मांग करते हुए सुना गया।

इस बीच अध्यक्ष बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराने का प्रयास किया और विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच ही युवा और खेल मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने एक सदस्य के पूरक प्रश्न का उत्तर भी दिया। कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों के सदस्य आसन के पास आकर नारेबाजी करने लगे। बिरला ने कहा, ‘‘सदस्यों को निधन संबंधी उल्लेख होते समय मर्यादा रखनी चाहिए।’’
उन्होंने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा, ‘‘सदन की परंपरा और प्रतिष्ठा को बनाए रखें। नारेबाजी से संसद की मर्यादा नहीं बनती, तर्कों के साथ चर्चा करें।’’ हालांकि हंगामा नहीं थमता देख उन्होंने  दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी। इससे पहले बिरला ने 12वीं लोकसभा में अविभाजित आंध्र प्रदेश के खम्मम से सदस्य रहे नादेन दला भास्कर राव, उत्तर प्रदेश के बिजनौर से 12वीं लोकसभा की सदस्य रहीं ओमवती देवी, कोलकाता उत्तर पश्चिम से 14वीं लोकसभा के सदस्य सुधांशु शील, उत्तराखंड के गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से पांच बार सांसद रहे मेजर जनरल भुवन चंद खंडूरी, केरल के चालकुडी से लोकसभा सदस्य रहे केपी धनपालन और उत्तर प्रदेश के घाटमपुरी संसदीय क्षेत्र से 13वीं लोकसभा के सदस्य रहे प्यारेलाल संगवार के निधन की सूचना दी। सभा ने दिवंगत पूर्व सदस्यों के साथ ही कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी को भी मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।