किसानों के दिल्ली कूच से पहले दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर बैरिकेडिंग, 15 किमी तक लगा जाम

दिल्ली कूच से पहले किसानों को रोकने के लिए दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर बैरिकेडिंग की गई, जिससे 15 किलोमीटर लंबा जाम लगा और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली में प्रस्तावित किसान महापंचायत और किसानों के दिल्ली कूच से पहले हरियाणा पुलिस ने कैथल के बरटा गांव के पास दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पंजाब की ओर से आने वाले किसानों को रोकने के लिए एक्सप्रेसवे पर बैरिकेडिंग की गई, जिसके चलते करीब 15 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक्सप्रेसवे पर सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस वाहनों की जांच कर रही है और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पंजाब से किसानों के जत्थों के दिल्ली पहुंचने की संभावना को देखते हुए हरियाणा-पंजाब सीमा से जुड़े प्रमुख मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। बैरिकेडिंग के कारण हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों के बीच आवागमन प्रभावित रहा। बसें, निजी वाहन और मालवाहक वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। यात्रियों ने बताया कि उन्हें कई घंटे सड़क पर ही बिताने पड़े। वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से वहां भी लंबी कतारें लग गईं और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। किसान संगठनों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली में महापंचायत आयोजित करने और बड़ी संख्या में किसानों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया है। इसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने एहतियात के तौर पर प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, वाहनों की जांच और निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण सबसे अधिक परेशानी आम यात्रियों को उठानी पड़ रही है।

Share This Article