
रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अंतर्गत 22 जुलाई को आयोजित होने वाली BLO एवं BLA-2 की तीसरी बैठक व चुनाव पाठशाला के सफल आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक समाहर्त्ता, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में 22 जुलाई को सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित होने वाली चुनाव पाठशाला के उद्देश्यों और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि चुनाव पाठशाला का उद्देश्य एएसडीडी सूची को अंतिम रूप देना, प्राप्त इन्यूमेरेशन फॉर्म का संग्रहण और सत्यापन सुनिश्चित करना, एक परिवार के सभी पात्र मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ना तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। जिससे कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई पात्र मतदाता छूटने न पाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 22 जुलाई को आयोजित होने वाली BLO एवं BLA-2 एवं चुनाव पाठशाला की तीसरी बैठक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने BLA-2 के माध्यम से संबंधित BLO के साथ समन्वय स्थापित कर 29 जुलाई 2026 से पूर्व Enumeration Form के शत-प्रतिशत संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की सहभागिता से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विगत विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाताओं के नाम खोजने में आने वाली कठिनाइयों का उल्लेख किया। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए संबंधित पोर्टल पर मतदाताओं का विवरण आसानी से खोजने की जानकारी दी तथा उपस्थित प्रतिनिधियों की शंकाओं का समाधान किया।

