
मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक ने मई में हाजिर मुद्रा बाजार में 6.10 अरब डॉलर की शुद्ध बिकवाली की। केंद्रीय बैंक के बुधवार को जारी मासिक बुलेटिन में यह कहा गया है।
रुपये पर दबाव के बीच यह लगातार तीसरा महीना है, जब आरबीआई ने हाजिर बाजार में शुद्ध रूप से डॉलर बेचे हैं।
आरबीआई ने मार्च में 9.76 अरब डॉलर और अप्रैल में 8.94 अरब डॉलर की शुद्ध बिकवाली की थी।
बुलेटिन के अनुसार, मई में केंद्रीय बैंक ने सकल आधार पर 22.23 अरब डॉलर की खरीदारी की, जबकि 28.33 अरब डॉलर की बिक्री की।
आरबीआई ने कहा कि जून में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और सरकार तथा केंद्रीय बैंक के उपायों से विदेशी पूंजी प्रवाह में सुधार के कारण रुपया मजबूत हुआ।
हालांकि, जुलाई में अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के साथ अन्य प्रमुख उभरते बाजारों की मुद्राओं के अनुरूप रुपये की यह बढ़त भी कमजोर पड़ गई।
बुलेटिन के अनुसार, वास्तविक प्रभावी विनिमय दर के आधार पर जून में रुपया अपने प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों की मुद्राओं के मुकाबले मजबूत हुआ। इसका कारण मौजूदा विनिमय दर के आधार पर प्रभावी विनिमय दर (एनईईआर) के मामले में रुपये की मजबूती और घरेलू मुद्रास्फीति का अपेक्षाकृत ऊंचा स्तर रहना था।
इस बीच, बुधवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे टूटकर 96.59 (अस्थायी) पर रहा।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, बढ़ते तनाव, वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी से रुपये पर दबाव बढ़ा।

