
रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने रांची समेत कई जिलों के लिए 23 से 26 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
रांची में भी सामान्य से कम हुई बारिश
राजधानी रांची में भी इस बार मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। 1 जून से 22 जुलाई के बीच यहां सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे न केवल मौसम सुहावना होगा, बल्कि राजधानी और आसपास के इलाकों में वर्षा के आंकड़ों में भी सुधार देखने को मिल सकता है।
बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा 41 मिमी बारिश
बुधवार को झारखंड के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 41 मिमी बारिश बहरागोड़ा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रांची में 4 मिमी, जमशेदपुर में 12 मिमी, मेदिनीनगर में 1 मिमी और बोकारो में 3 मिमी वर्षा हुई। वहीं खूंटी में 13 मिमी, हजारीबाग में 10 मिमी, सरायकेला में 20 मिमी और जगन्नाथपुर में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

