
रांची : NEET पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने आज देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों में भाजपा के प्रदेश कार्यालयों का घेराव करेंगे। इसी कड़ी में राजधानी रांची में भी कांग्रेस भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करेगी। रांची के हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च निकालने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान में जुटेंगे। यहां से सभी कार्यकर्ता रैली के रूप में भाजपा कार्यालय की तरफ बढ़ेंगे। प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यालय तक पहुंचने से पहले ही रोकने की तैयारी की गई है। पूरे कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है।
गौरतलब है कि बुधवार को भाजपा ने भी कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय का घेराव किया था। उस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। मौके पर काफी देर तक हाई-वोल्टेज हंगामा चलता रहा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अंडे फेंके जाने की खबरें भी सामने आई थीं।

