
Ranchi News : राजधानी के अशोक नगर में हुई चर्चित चोरी की घटना का रांची पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में मुख्य आरोपी की पत्नी भी शामिल है। उनके कब्जे से चोरी की नकदी और सोने-चांदी के कई जेवर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस चोरी की साजिश का मुख्य आरोपी मो. इरफान उर्फ उजाले है, जो बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि वह अलग-अलग राज्यों में चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है और अक्सर बड़े शहरों के पॉश इलाकों को निशाना बनाता था।
पुलिस का दावा है कि आरोपी चोरी की योजना बनाने से पहले आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करता था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वह सैटेलाइट आधारित 3-डी इमेज की मदद से इलाके की जानकारी जुटाता और उसके बाद संभावित मकानों को निशाना बनाता था। हालांकि इस दावे की जांच अभी जारी है।
यह मामला अशोक नगर निवासी अखिलेश पांडे के घर हुई चोरी से जुड़ा है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पत्नी समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी की रकम और कीमती आभूषण बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी मो. इरफान उर्फ उजाले की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी की अन्य वारदातों से इसका कोई संबंध है या नहीं।

