
द्रास : ऑपरेशन विजय की 27वीं वर्षगांठ पर 25-26 जुलाई को यहां कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, इनमें कारगिल संघर्ष के दौरान भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस के सम्मान में ‘शौर्य संध्या’, लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर बैंड की संगीतमय प्रस्तुति और ‘श्वेत अश्व’ का मोटरसाइकिल प्रदर्शन शामिल है। द्रास स्थित ऐतिहासिक कारगिल समर स्मारक इन सभी आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहेगा। इसके अलावा द्रास सेक्टर की अग्रिम चौकी ‘सैंडो टॉप’ समेत कई अन्य स्थानों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर शनिवार को समारोह का आगाज कारगिल के ऐतिहासिक रणक्षेत्र का विहंगम दृश्य प्रस्तुत करने वाले ‘लामोचेन व्यू प्वाइंट’ पर आयोजित ‘युद्ध संस्मरण’ कार्यक्रम से होगा। अधिकारियों ने बताया कि यह अवसर 1999 की उस ऐतिहासिक विजय की याद दिलाता है, जब भारतीय सैनिकों ने बर्फ से ढकी दुर्गम चोटियों और पाकिस्तानी सेना की लगातार गोलाबारी का डटकर सामना करते हुए अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अटूट संकल्प के बल पर कारगिल की चोटियों पर फिर से तिरंगा फहराया था।
शनिवार सुबह आयोजित ‘युद्ध संस्मरण’ कार्यक्रम की शुरुआत 33 मिनट के वीडियो क्लिप से होगी, जिसमें कारगिल युद्ध और ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत भारत की गौरवशाली जीत की कहानी प्रस्तुत की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद 17 मिनट की एक विशेष क्लिप दिखाई जाएगी, जो कारगिल युद्ध के 40 वीर शहीदों को समर्पित होगी। इस अवसर पर उनके परिजन भी मौजूद रहेंगे। फिल्म में इन वीरों के अद्वितीय साहस, शौर्य और राष्ट्र के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर ‘फॉरएवर इन ऑपरेशंस’ डिविजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल अमित प्रकाश सिंह, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, कारगिल के वीर योद्धा, वीर नारियां और वीर माताएं उपस्थित रहेंगे।
‘ऑपरेशन विजय’ 1999 में पड़ोसी देश पाकिस्तान द्वारा की गई घुसपैठ के बाद उसके खिलाफ भारत के सीमित युद्ध को दिया गया नाम था। कारगिल विजय दिवस 26 जुलाई 1999 को ऑपरेशन विजय के सफल समापन का प्रतीक है। शनिवार दोपहर द्रास स्थित विश्वनाथन स्टेडियम में गौरवमय संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। लेह स्थित ‘फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स’ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मदनराज पांडे इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत ‘लद्दाख स्काउट्स रेजीमेंटल सेंटर बैंड’ की देशभक्ति से ओतप्रोत संगीतमय प्रस्तुति से होगी। इसके बाद ‘श्वेत अश्व’ मोटरसाइकिल दल भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों के अनुशासन, सटीक कौशल और रोमांचकारी करतबों का शानदार प्रदर्शन करेगा। शाम को द्रास स्थित कारगिल समर स्मारक पर शौर्य संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनका शनिवार को द्रास पहुंचने का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम ‘गौरव गाथा’ के साथ आगे बढ़ेगा, जिसमें कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के असाधारण साहस, बलिदान और जीत का ज़िक्र किया जाएगा; इसके बाद रक्षा मंत्री एक वर्चुअल वॉकथ्रू पोर्टल का उद्घाटन करेंगे।

