
रांची: राजधानी रांची में रातू रोड जंक्शन (न्यू मार्केट) से एचईसी गेट तक सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से खराब पड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क की अब सूरत बदलने वाली है। झारखंड सरकार ने सड़क के सतह नवीकरण (री-सर्फेसिंग) के लिए ₹4 करोड़ 73 लाख 37 हजार 100 की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। करीब 7.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क का नए सिरे से नवीकरण किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, सड़क कई जगहों पर काफी जर्जर हो चुकी है। कई हिस्सों में सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए सड़क के नवीकरण का फैसला लिया गया है।
यह मार्ग रातू रोड जंक्शन (न्यू मार्केट) से शुरू होकर बिरसा राजपथ होते हुए एचईसी गेट तक जाता है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क से हर दिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग भी इसी रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की मरम्मत और नई सतह बनने से यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
सरकार ने इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता करेंगे। वहीं, रांची पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को परियोजना की राशि की निकासी और खर्च से जुड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सड़क का नवीकरण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलने की उम्मीद है।

