कारगिल विजय दिवस पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने शहीदों को किया नमन, युवाओं से राष्ट्रसेवा का किया आह्वान

कारगिल विजय दिवस पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और युवाओं से राष्ट्रसेवा, अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा अपनाकर देश निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को रांची के इटकी रोड स्थित आगमन बेंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

राज्यपाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत का दिन नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल की कठिन परिस्थितियों में भारतीय जवानों ने जिस वीरता का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों की बदौलत ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। जब पूरा देश अपने परिवार के साथ त्योहार मनाता है, तब हमारे जवान सीमाओं पर डटे रहकर देश की रक्षा करते हैं।

राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और राष्ट्रहित से जुड़े उनके विचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करता और देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की रक्षा क्षमता लगातार मजबूत हो रही है। स्वदेशी रक्षा उत्पादन, सेना के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसे कदम देश की सुरक्षा को नई मजबूती दे रहे हैं।

राज्यपाल ने युवाओं से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और अच्छे चरित्र को अपने जीवन का आधार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की जिम्मेदार और सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान कारगिल के वीर सैनिकों और शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने पूरे समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।