रांची: राजधानी रांची को नया शहर काजी मिल गया है। मौलाना यूसुफ मिफ्ताही को रांची का नया शहर काजी नियुक्त किया गया है। झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। राज्यपाल के आदेश पर उन्हें विवाह निबंधक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
नई जिम्मेदारी के तहत मौलाना यूसुफ मिफ्ताही रांची जिले के मुस्लिम समुदाय के बीच निकाह की रस्म अदा कराने और निकाह प्रमाण-पत्र जारी करने का कार्य करेंगे।
बता दें कि मौलाना यूसुफ मिफ्ताही पिछले 33 वर्षों से हिंदपीढ़ी स्थित मक्का मस्जिद में इमाम की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वर्ष 1993 से वे लगातार यहां नमाज पढ़ाते आ रहे हैं।
उन्होंने धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ पटना बोर्ड से फोकानिया, इलाहाबाद बोर्ड से आलिम और उत्तर प्रदेश के मऊनाथ भंजन से फाजिल की डिग्री हासिल की है।
शहर काजी नियुक्त किए जाने पर मौलाना यूसुफ मिफ्ताही ने झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, संबंधित विभाग और इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है।
उनकी नियुक्ति से रांची के उलेमा और मुस्लिम समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोगों, धर्मगुरुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।


