बाघ संरक्षण में असम बना मॉडल, सख्त निगरानी से बढ़ी बाघों की संख्या: हिमंत विश्व शर्मा

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि असम बाघ संरक्षण का उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरा है। राज्य में बाघों की संख्या और संरक्षण प्रयासों को बड़ी सफलता मिली।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य बाघ संरक्षण के क्षेत्र में एक ‘‘उत्कृष्ट मॉडल’’ के रूप में उभरा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बाघों की सुरक्षा के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अवैध शिकार रोधी उपायों, प्रौद्योगिकी आधारित निगरानी और अन्य प्रयासों से राज्य में वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर हम भारत की बाघ संरक्षण रणनीति की उल्लेखनीय सफलता का जश्न मनाते हैं। असम पर्यावास प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक उत्कृष्ट मॉडल के रूप में उभरा है।’’ उन्होंने दावा किया कि अवैध शिकार रोधी कड़े कदमों, वन्यजीव गलियारों के संरक्षण और प्रौद्योगिकी आधारित निगरानी के कारण पिछले कुछ वर्षों में असम में बाघों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है।

शर्मा ने कहा कि इस साल की एक प्रमुख उपलब्धि नामेरी बाघ अभयारण्य में आया बदलाव है, जहां बाघों की संख्या तीन से बढ़कर 12 हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘काजीरंगा और मानस से लेकर ओरांग और नामेरी तक, हमारे अभयारण्य रॉयल बंगाल टाइगर के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में गौरवान्वित हैं।’’ मुख्यमंत्री ने लोगों से इन प्राणियों की रक्षा और क्षेत्र के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराने की अपील की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।