
रांची: सावन के पहले दिन पहाड़ी मंदिर और सुरेश्वर महादेव मंदिर सहित तमाम शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सावन की शुरुआत के साथ ही पूरी राजधानी शिवभक्ति के रंग में रंग गई है। अहले सुबह से ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे के साथ भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए पहाड़ी मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर में चढ़ने-उतरने के लिए अलग-अलग सीढ़ियां बनाई गई हैं, जबकि महिलाओं और पुरुषों के लिए भी प्रवेश व निकास के अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा जलाभिषेक को सुगम बनाने के लिए अरघा सिस्टम लागू किया गया है, जिसके जरिए पहली सोमवारी से श्रद्धालु आसानी से जलार्पण कर सकेंगे। समिति की ओर से भक्तों के लिए दूध, जल और बेलपत्र नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सुरक्षा के लिहाज से मंदिर परिसर में 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी के अलावा स्वयंसेवक तैनात हैं। मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे भक्तों के लिए खोल दिए गए थे। नगर निगम द्वारा आसपास से अतिक्रमण हटाए जाने से इस बार आवाजाही काफी सुलभ हो गई है। आगामी 3 अगस्त को पड़ने वाली सावन की पहली सोमवारी को लेकर विशेष तैयारियां जारी हैं, जब लाखों भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं और मंदिर के पुजारी ने प्रशासन की इन नई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।


