रांची : डोरंडा काली मंदिर रोड स्थित न्यू काली पूजा परिसर में श्री गणेश पूजा समिति की ओर से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना के साथ पांच दिवसीय 15 वां वार्षिक महोत्सव 14 से 18 सितंबर तक धूमधाम से आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला आयोजित होगी, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को शाम 5 बजे पूजा पंडाल परिसर में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। उद्घाटन के बाद विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम आरती तथा भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।15 सितंबर को दोपहर 1 बजे से श्रद्धालुओं के बीच भोग वितरण किया जाएगा।
वहीं शाम 6 बजे से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बच्चों और श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। 16 सितंबर को दोपहर 1 बजे विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 6 बजे से डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है। 17 सितंबर को सुबह 11 बजे से पूजा पंडाल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।
इसी दिन शाम 4 बजे से 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में झारखंड-बॉलीवुड के सुपरस्टार विवेक नायक मुख्य अतिथि एवं निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। पांच दिवसीय महोत्सव का समापन 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा।
इस बार श्री गणेश पूजा समिति में गणपति बप्पा को नोटों की माला पहनाई जाएगी इसके अलावा 151 किलो का लड्डू भी चढ़ाया जाएगा. समिति ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में शोभायात्रा सहित सभी कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है।
उद्घाटन समारोह में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो, उपमेयर नीरज कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, भाजपा नेता सुबोध सिंह (गुड्डू), कांग्रेस नेता आलोक दुबे, वार्ड पार्षद नसीम गद्दी (पप्पू भाई) सहित कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।समिति के अध्यक्ष नवीन मल्होत्रा, महामंत्री अमित गुप्ता, कोषाध्यक्ष बाबूसोना दास, उपाध्यक्ष जयंत मजूमदार, संरक्षक रंथू उरांव सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने शहरवासियों से महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने और भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

