
महुआडांड़: महुआडांड़ थाना के लिए शनिवार का दिन खास रहा। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर कर्तव्यनिष्ठ और अनुभवी पुलिस अधिकारी अमित कुमार रविदास ने नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनके स्वागत के दौरान थाना परिसर “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा और माहौल उत्साह से भर गया।
पूर्व थाना प्रभारी ने दी शुभकामनाएं
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान थाना प्रभारी मनोज कुमार ने अमित कुमार रविदास का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ थाना क्षेत्र की सेवा की है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमित कुमार रविदास के नेतृत्व में महुआडांड़ की कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
“अपराध, नशा और उग्रवाद के लिए कोई जगह नहीं”
चार्ज संभालने के बाद अमित कुमार रविदास ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि महुआडांड़ की शांत और पावन धरती पर अपराध, नशा और उग्रवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाना, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पुलिस और जनता के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत करना है। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
पदभार संभालते ही बधाइयों का सिलसिला शुरू
अमित कुमार रविदास के थाना प्रभारी बनने की खबर फैलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में शांति एवं बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमित कुमार रविदास के अनुभव, सख्त कार्यशैली और जिम्मेदार नेतृत्व से महुआडांड़ में कानून-व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिलेगा।

