विजयन ने पीएम श्री योजना को लेकर यूडीएफ सरकार पर साधा निशाना

केरल में पीएम श्री योजना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पिनराई विजयन ने यूडीएफ सरकार पर रुख बदलने और किसी समझौते का आरोप लगाया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम : केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीएफ) सरकार पर ‘पीएम श्री’ योजना पर पूरी तरह से ‘‘पलटने’’ का आरोप लगाते हुए शनिवार को सवाल किया कि इस रुख में बदलाव के पीछे कौन सा ‘‘समझौता’’ हुआ है। यहां एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार इस केंद्रीय योजना को लागू करने के लिए तैयार नहीं थी, क्योंकि वह इसके तहत राज्य के शिक्षा क्षेत्र में कोई बदलाव नहीं चाहती थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने विपक्ष में रहते हुए इस योजना का कड़ा विरोध किया था और एलडीएफ पर इस मुद्दे को लेकर भाजपा के साथ ‘‘समझौता करने’’ का आरोप लगाया था। विजयन ने सवाल किया, ‘‘उस समय उन्होंने कहा था कि यह एलडीएफ-भाजपा समझौते का हिस्सा है। अब, यह किस समझौते का हिस्सा है?’’ उन्होंने कहा कि यूडीएफ ने सत्ता में आने तक इस योजना का विरोध जारी रखा, और कुछ नेताओं ने तो यहां तक कहा था कि इस परियोजना को ‘‘अरब सागर में फेंक दिया जाना चाहिए।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री और सामान्य शिक्षा मंत्री अब इसके क्रियान्वयन का बचाव करने लगे हैं। विजयन ने यूडीएफ की प्रमुख सहयोगी पार्टी ‘इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग’ (आईयूएमएल) पर भी रातों-रात ‘‘अपना रुख बदलने’’ का आरोप लगाया। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ने बताया कि पूर्ववर्ती एलडीएफ सरकार ने इस योजना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन बाद में नीतिगत निर्णय के तहत इस प्रक्रिया को रोक दिया था और केंद्र सरकार को औपचारिक रूप से अपने फैसले से अवगत करा दिया था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।