जगजीवन नगर हत्याकांड का खुलासा, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार; चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

धनबाद के जगजीवन नगर हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी के शक में युवक करण कुमार की पिटाई से मौत मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा
  • अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

Dhanbad News : सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में युवक करण कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। धनबाद डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोया ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चोरी के संदेह में युवक की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

डीएसपी ने बताया कि 1 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि जगजीवन नगर के जामुन पेड़ के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। उसकी पहचान करण कुमार के रूप में हुई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे पहले एसएनएमएमसीएच ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। बाद में बलियापुर रोड स्थित जेपी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि करण कुमार कथित तौर पर कन्हाई लाल भट्टाचार्य के घर में चोरी की नीयत से घुसा था। उसे पकड़ने के बाद दोनों ने उसकी पिटाई की। शोर सुनकर आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। डीएसपी प्रकाश सोया ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।