
रांची: झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में डिबडीह स्थिति कार्निवल बैंक्वेट हॉल में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत भव्य कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संत रविदास जी की जन्मभूमि (वाराणसी) से लाई गई पवित्र मिट्टी से युक्त कलश सौंपकर राज्य के सभी 30 सांगठनिक जिलों के लिए सुसज्जित रथों को रवाना किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी महापुरुषों को अपना आराध्य मानती है। उन्होंने जोर दिया कि संत रविदास के पदचिन्हों पर चलकर ही समरसतापूर्ण और विकसित भारत का निर्माण संभव है। साथ ही उन्होंने देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम् के मूलमंत्र वाले देश में भेदभाव का कोई स्थान नहीं है और संत रविदास जी के दिखाए मार्ग से ही देश विरोधी साजिशों को नाकाम किया जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने वर्तमान समय को पुनर्जागरण का युग बताते हुए कहा कि संतों ने हमेशा समाज को एकता का संदेश दिया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने संत रविदास के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य घर-घर और मंदिर-मंदिर तक कलश ले जाकर समाज के सभी वर्गों को जोड़ना है। अभियान का समापन माघ पूर्णिमा के दिन रांची में एक विशाल समागम के साथ होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया। इस दौरान रविदास जी की जन्मभूमि से कलश लाने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।

