Ramgarh News: झारखंड की राजनीति में लगातार फेरबदल का दौर जारी है। इसी कड़ी में रामगढ़ विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व प्रत्याशी रहे सुदित कुमार सिंह ने अपनी पुरानी पार्टी का साथ छोड़कर ‘झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा’ (JLKM) का दामन थाम लिया है। उनके साथ सैकड़ों समर्थकों ने भी औपचारिक रूप से जेएलकेएम की सदस्यता ग्रहण की।
भव्य जुलूस के साथ पहुंचे कार्यक्रम स्थल
शुक्रवार को लारी क्षेत्र में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह के दौरान यह राजनीतिक फेरबदल हुआ। पार्टी में शामिल होने से पहले सुदित सिंह ने चितरपुर से गाजे-बाजे और शक्ति प्रदर्शन के साथ एक विशाल जुलूस निकाला, जो कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा। वहां जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने माला पहनाकर उनका और उनके समर्थकों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जयराम महतो ने जताई खुशी, सुदित सिंह ने बताई वजह
पार्टी सुप्रीमो जयराम महतो ने सुदित सिंह के शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा कि उनके आने से संगठन को ज़मीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने सुदित सिंह को निर्देश दिया कि वे अभी से संगठन विस्तार में जुट जाएं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम करें।
जेएलकेएम में शामिल होने के बाद सुदित सिंह ने कहा कि वे पार्टी सुप्रीमो जयराम महतो की कार्यशैली और विकासोन्मुखी सोच से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को घर-घर तक पहुंचाएंगे और झारखंड के हितों के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
इस आयोजन के दौरान रामगढ़, चितरपुर, गोला और दुलमी समेत विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


