हजारीबाग : जिले में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के खिलाफ हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की 17 मोटरसाइकिल और एक टोटो बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि 17 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में मोटरसाइकिल चोरी करने वाला एक सक्रिय गिरोह चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री की तैयारी में है। सूचना के बाद बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान रंजन और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर छड़वा डैम के ब्रिज क्षेत्र में निगरानी शुरू की। वहां संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल के साथ मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश, इरफान अंसारी उर्फ छोटे, मो. मुन्ना उर्फ ताहिर और तस्लीम अंसारी के रूप में हुई।
पूछताछ में 16 सितंबर को छड़वा मैदान बाजार से सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी सामने आई। इस मामले में कटकमदाग-पेलावल ओपी थाना कांड संख्या 149/2026 दर्ज है।
घर, गैराज और जंगल से बरामद हुईं बाइक
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने पेलावल, बड़कागांव, लोहसिंघना, सदर, केरेडारी, ईचाक और ओरमांझी थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। कुछ वाहन घर और गैराज में छिपाकर रखे गए थे, जबकि एक मोटरसाइकिल जंगल में छिपाए जाने की जानकारी मिली।
मामले में सरफराज आलम, पवन कुमार साव और फजुरुद्दीन को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद वाहनों में ग्लैमर, सुपर स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, पल्सर, होंडा शाइन, अपाचे और पैशन प्रो समेत विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


