
रांची : नई दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में न्यूरोसर्जरी और मिनिमल इनवेसिव स्पाइन सर्जरी के एसोसिएट डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. अनुराग गुप्ता अब रांची के मरीजों को भी अपनी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष मुख्तार अहमद ने यह जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. अनुराग गुप्ता प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल की ओपीडी में मरीजों का उपचार करेंगे। मुख्तार अहमद ने कहा कि डॉ. अनुराग गुप्ता को न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में 16 वर्षों से अधिक का सर्जिकल अनुभव है। उनके जुड़ने से झारखंड के मरीजों को राजधानी रांची में ही उच्चस्तरीय न्यूरोसर्जिकल परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि ओपीडी में परामर्श के लिए मरीज अस्पताल पहुंचकर पहले से अपना पंजीकरण एवं क्रमांक प्राप्त कर सकते हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर डॉ. अनुराग गुप्ता ने कहा कि मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी और नसों से संबंधित बीमारियों का समय पर सही निदान और उपचार अत्यंत आवश्यक है।
आधुनिक तकनीकों और मिनिमल इनवेसिव स्पाइन सर्जरी के माध्यम से अब कई जटिल ऑपरेशन कम दर्द, कम रक्तस्राव और कम समय में किए जा सकते हैं, जिससे मरीज जल्दी स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार सिरदर्द, हाथ-पैरों में कमजोरी या सुन्नपन, कमर और गर्दन का लंबे समय तक रहने वाला दर्द, रीढ़ की चोट, ब्रेन ट्यूमर, स्लिप डिस्क तथा नसों से जुड़ी गंभीर समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। डॉ. अनुराग गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य झारखंड के मरीजों को महानगरों जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उनके अपने राज्य में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए बार-बार बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने लोगों से समय पर जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की। अंजुमन इस्लामिया प्रबंधन ने विश्वास जताया कि डॉ. अनुराग गुप्ता की नियमित ओपीडी शुरू होने से न्यूरोसर्जरी और स्पाइन संबंधी रोगों से जूझ रहे हजारों मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।

