जेएनयूएसयू के विरोध के बाद इस्कॉन से जुड़ा कार्यक्रम रद्द

जेएनयूएसयू के विरोध के बाद केंद्रीय पुस्तकालय में इस्कॉन प्रतिनिधि के प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। छात्र संघ ने विश्वविद्यालय नियमों का हवाला देते हुए आपत्ति जताई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) ने शुक्रवार को केंद्रीय पुस्तकालय के बाहर उस कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) के एक प्रतिनिधि शामिल होने वाले थे। छात्र संघ के सदस्यों के अनुसार, विरोध के बाद कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया।

छात्र संघ के पदाधिकारियों द्वारा साझा किए गए पोस्टरों और जानकारी के अनुसार, केंद्रीय पुस्तकालय में ‘एम्पॉवरिंग यूथ फॉर ए ब्राइटर फ्यूचर’ शीर्षक वाले कार्यक्रम का आयोजन होने वाला था। इस कार्यक्रम में “ईक्यू, आईक्यू और एसक्यू में संतुलन” विषय पर एक सत्र भी शामिल था।

छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के महासचिव सुनील यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “इससे पहले नवंबर 2025 में भी जेएनयूएसयू ने प्रशासन को एक पत्र लिखकर परिसर में इस्कॉन को भागवद गीता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दिए जाने पर आपत्ति जताई थी। शुक्रवार को इसी संगठन के एक वक्ता प्रतिनिधि का पुस्तकालय में व्याख्यान होना था।”

जेएनयूएसयू ने 30 नवंबर 2025 को जेएनयू के कुलपति को एक ईमेल भेजा था जिसमें विश्वविद्यालय के सम्मेलन केंद्र के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का हवाला दिया था। इन नियमों के अनुसार, इस सुविधा को “किसी भी राजनीतिक या धार्मिक संगठन को उपलब्ध नहीं कराया जा सकता है।”

छात्र संघ ने ईमेल में कहा था, “हमारा मानना है कि प्रशासन को सम्मेलन केंद्र के उपयोग के लिए तय मानक नियमों और विनियमों का पालन करना चाहिए तथा इसमें इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति नहीं देनी चाहिए।”

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।