
लातहार: महुआडांड़ महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय की बेटी आशिका मिंज ने छात्र हित का मुद्दा राज्य स्तर पर उठाकर सबका ध्यान खींचा है। आशिका, पूर्व जिला परिषद सदस्य मनीना कुजूर की पुत्री हैं। उन्होंने हाल ही में राज्य के पर्यटन, कला संस्कृति एवं उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य सोनू से मुलाकात की। इस दौरान आशिका ने छात्रों से जुड़ी कई अहम बातें मंत्री के समक्ष रखीं।आशिका ने एनपीयू में ग्रेजुएशन का सेशन समय पर कराने की मांग की। साथ ही एनपीयू के कई कॉलेजों की जर्जर बिल्डिंग, टेबल-बेंच और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया। इसके अलावा उन्होंने झारखंड में होने वाली आगामी नौकरी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराने को लेकर भी अपनी बात रखी।मंत्री सुदिव्य सोनू ने आशिका की सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और सकारात्मक जवाब देते हुए आश्वासन दिया कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।आशिका की इस पहल की महुआडांड़ क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र की बेटी ने शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों को मजबूती से उठाकर सभी छात्रों की आवाज बनने का काम किया है।

