
यशराज फिल्म्स जल्द ही अपने पांच दशक लंबे सफर में एक बड़ा जॉनर एक्सपेरिमेंट करने जा रहा है. स्पाई यूनिवर्स, रोमांस और एक्शन फिल्मों के लिए मशहूर यह स्टूडियो अब अपनी पहली थिएट्रिकल हॉरर फिल्म की तैयारी में जुटा है. फिल्म में वरुण धवन की एंट्री पहले ही तय बताई जा रही है, जबकि अब ‘सैयारा’ फेम अनीत पड्डा का नाम भी सामने आया है.
वरुण के साथ अनीत की बन सकती है जोड़ी
सूत्रों के मुताबिक, अनीत पड्डा को फिल्म में वरुण धवन के अपोजिट कास्ट किया जा सकता है. हालांकि, यशराज फिल्म्स की ओर से अभी तक उनकी कास्टिंग की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. कास्टिंग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अनीत का नाम लगभग तय है और मेकर्स इस नई जोड़ी को पर्दे पर पेश करने की तैयारी में हैं.
अभय पन्नू संभालेंगे निर्देशन
इस हॉरर प्रोजेक्ट के निर्देशन की जिम्मेदारी ‘रॉकेट बॉयज’ फेम अभय पन्नू को सौंपी गई है. फिल्म को लेकर प्री-प्रोडक्शन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. लोकेशन रेकी और जगहों को फाइनल करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में बताई जा रही है. फिल्म इसी साल के अंत तक फ्लोर पर जा सकती है, जबकि इसे 2027 में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है.
भूत-प्रेत से अलग होगी कहानी
बताया जा रहा है कि YRF की यह फिल्म पारंपरिक भूत-प्रेत वाली हॉरर कहानी नहीं होगी. इसे साइकोलॉजिकल हॉरर और सुपरनैचुरल थ्रिलर के मिश्रण के तौर पर विकसित किया जा रहा है. कहानी और किरदारों को लेकर मेकर्स ने फिलहाल पूरी गोपनीयता बरती हुई है. ऐसे में फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है.
नई जोड़ी पर मेकर्स को भरोसा
मेकर्स वरुण और अनीत की फ्रेश जोड़ी को दर्शकों के सामने लाना चाहते हैं. अनीत पड्डा हाल के दिनों में बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनकर तेजी से पहचान बना रही हैं. वहीं वरुण पहले भी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भेड़िया’ में अपने अभिनय का अलग अंदाज दिखा चुके हैं. ऐसे में यशराज फिल्म्स की फिल्म में उनका गंभीर हॉरर अवतार देखने को मिल सकता है.
मुंबई के बाद इन जगहों पर हो सकती है शूटिंग
फिल्म की शुरुआती शूटिंग मुंबई के स्टूडियो सेट और रियल लोकेशंस पर होने की संभावना है. इसके बाद उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान जैसे राज्यों में भी शूटिंग की जा सकती है. अभय पन्नू की रिसर्च और कहानी की बारीकियों पर पकड़ को देखते हुए YRF ने उन्हें इस प्रोजेक्ट के लिए चुना है.
दोनों का हॉरर कनेक्शन पहले से
दिलचस्प बात यह है कि वरुण और अनीत दोनों ही हॉरर जॉनर से जुड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं. वरुण ‘भेड़िया’ में हॉरर-कॉमेडी स्पेस में नजर आए थे, जिसका अगला पार्ट भी आने वाला है. वहीं अनीत पड्डा मैडॉक फिल्म्स की ‘शक्ति शालिनी’ में लीड रोल के लिए फाइनल बताई जा रही हैं. अब यशराज फिल्म्स की फिल्म में उनकी संभावित एंट्री ने चर्चा और बढ़ा दी है.

