राजस्थान: सरकारी स्कूल के अध्यापक पर छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप, प्रदर्शन

राजस्थान के केकड़ी में छात्राओं ने शिक्षक पर परेशान करने और गलत तरीके से छूने के आरोप लगाए। विरोध के बाद आरोपी शिक्षक निलंबित हुआ, निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिला।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जयपुर: राजस्थान में अजमेर जिले के केकड़ी इलाके स्थित एक सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक शिक्षक पर छात्राओं को परेशान करने और उन्हें गलत नीयत से छूने का आरोप लगाते हुए बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के बाद आरोपी अध्यापक को निलंबित किया गया है। विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं ने स्कूल का मुख्य गेट बंद कर दिया और परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोग भी वहां जमा हो गए। गांव के इस स्कूल की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि लगभग 20 छात्राओं ने 58 वर्षीय शिक्षक दिनेश जैन के खिलाफ लिखित बयान दिए हैं। एक छात्रा ने बताया कि उसने 2021 में छठी कक्षा में दाखिला लिया था और उक्त शिक्षक ने उसे गलत तरीके से छुआ था।

उसने कहा, ‘‘पहले हमारी आवाज दबा दी गई। हम न्याय और उन्हें निलंबित किए जाने की मांग करते हैं।’’ सूचना मिलने पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी छात्रों व उनके अभिभावकों से बातचीत की। अजमेर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) गोविंद नारायण शर्मा ने कहा कि उन्होंने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मामले की गंभीरता को देखते हुए मैंने वरिष्ठ अध्यापक (गणित) दिनेश कुमार जैन को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।’’

केकड़ी के थानाधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि विरोध प्रदर्शन लगभग दो घंटे तक चला जिसके बाद छात्र छात्राओं को समझाकर मनाया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों और उनके अभिभावकों को भरोसा दिलाया गया कि निष्पक्ष जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। थानाधिकारी ने बताया कि अभी तक अध्यापक के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।