
टेलीविजन पर क्विज और गेम शो की कोई कमी नहीं है। अब दर्शकों के लिए एक ऐसा शो आने वाला है, जिसमें सिर्फ सामान्य ज्ञान या कठिन तथ्यों को याद रखना ही काफी नहीं होगा। ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ में कंटेस्टेंट्स की असली परीक्षा उनकी सोच, समझ और कॉमन सेंस की होगी। इस नए शो को बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर होस्ट करते नजर आएंगे।
13 सवालों से तय होगी किस्मत
अनिल कपूर ने शो के फॉर्मेट को लेकर दिलचस्प जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि गेम में कुल 13 सवाल पूछे जाएंगे। ये सवाल मुख्य रूप से कॉमन सेंस पर आधारित होंगे। यानी प्रतियोगियों को किसी तथ्य को रटने के बजाय परिस्थिति को समझकर सही जवाब तक पहुंचना होगा। यही खासियत इसे बाकी क्विज शो से अलग बनाएगी।
एक साथ 100 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
इस गेम शो की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा फॉर्मेट है। अनिल कपूर के मुताबिक, स्टूडियो में एक या दो प्रतियोगी नहीं, बल्कि एक साथ 100 खिलाड़ी गेम खेलेंगे। हर सवाल के बाद खिलाड़ियों के जवाब सामने आएंगे और गलत उत्तर देने वाले प्रतियोगियों को गेम से बाहर होना पड़ सकता है। इसके साथ ही उन्हें अपनी जीती हुई रकम गंवाने का भी खतरा रहेगा।
घर बैठे दर्शक भी खेल सकेंगे
‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ को सिर्फ स्टूडियो तक सीमित नहीं रखा गया है। दर्शक घर बैठे भी इस गेम का हिस्सा बन सकेंगे। जब स्टूडियो में कंटेस्टेंट्स सवालों का जवाब दे रहे होंगे, तब देशभर के दर्शक भी अपने कॉमन सेंस को आजमा पाएंगे। इस तरह शो दर्शकों को सीधे गेम से जोड़ने की कोशिश करेगा।
5 सितंबर से शुरू होगा शो
अनिल कपूर का यह नया गेम शो 5 सितंबर 2026 से दर्शकों के बीच दस्तक देगा। इसे टीवी चैनल स्टार प्लस के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि कॉमन सेंस पर आधारित यह अनोखा फॉर्मेट दर्शकों को कितना पसंद आता है।

