न्यूयॉर्क: न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने ब्रॉडवे के प्रचार के लिए बांग्ला, मंदारिन और स्पेनिश में वीडियो जारी कर सोशल मीडिया पर खूब प्रशंसा बटोरी है। उन्होंने अंग्रेजी के अलावा इन तीनों भाषाओं में शहर के हाईस्कूल के विद्यार्थियों को मुफ्त थिएटर टिकट देने की पहल के बारे में जानकारी दी। ममदानी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए वीडियो में बांग्ला, मंदारिन और स्पेनिश में इस कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके तहत शहर ने ‘टीडीएफ’ (थिएटर डेवलपमेंट फंड) के साथ साझेदारी की है, जिसके जरिए न्यूयॉर्क के हाई स्कूल के विद्यार्थियों को ब्रॉडवे के नाटकों के 2,000 से अधिक मुफ्त टिकट दिए जाएंगे। इसके लिए विद्यार्थी मुफ्त लॉटरी में हिस्सा ले सकेंगे।



