

राहतरांची: राजधानी के हटिया विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं को गति देते हुए वार्ड संख्या 26 और वार्ड संख्या 36 में दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विकास के लिए इन पहलों का स्वागत किया।





पहला कार्यक्रम हरमू चौक वार्ड 26 में आयोजित हुआ, जहां लेबर शेड निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इस शेड के बनने से दिहाड़ी श्रमिकों को धूप और बारिश में खड़े होने के बजाय एक सुरक्षित स्थान मिलेगा, वहीं आम लोगों को भी काम के लिए मजदूर ढूंढने में आसानी होगी।
वहीं दूसरा शिलान्यास कार्यक्रम महावीर नगर वार्ड 36 में संपन्न हुआ, जहां जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए आरसीसी कल्वर्ट निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। कल्वर्ट बनने से क्षेत्र में जलजमाव से निजात मिलेगी और स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम होगा।
इस दौरान मुख्य रूप से हटिया विधायक नवीन जायसवाल, महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, स्थानीय वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार व निहारिका कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
