

रामगढ़: एक ओर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा नेमरा गांव पहुंचने वाली है, दूसरी ओर उनके गांव में प्रवेश से पहले ही उनका विरोध शुरू हो गया है। नेमरा गांव के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर डेरा जमाए हुए हैं। ग्रामीणों के हाथों में पारंपरिक हरवे-हथियार और डुगडुगी नजर आई। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी सूरत में देवेंद्र नाथ महतो को नेमरा गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उनका साफ कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके गांव के प्रधान यानी मांझी हड़ाम हैं और उनके गांव से मुख्यमंत्री का विरोध वे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिलहाल देवेंद्र नाथ महतो की न्याय यात्रा को लेकर नेमरा में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। गांव के बाहर ग्रामीणों के जुटने और उनके विरोध के बीच पुलिस-प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। अब देखना होगा कि देवेंद्र नाथ महतो की यात्रा नेमरा पहुंचने के बाद क्या स्थिति बनती है और प्रशासन इसे किस तरह संभालता है।





