

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार तक का रास्ता बंद कर दिया है और एक पूरी पीढ़ी का भविष्य खतरे में डाल दिया है।





खड़गे ने नीति आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह भी कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 8.7 करोड़ युवा न तो शिक्षा हासिल कर रहे हैं, न रोजगार में हैं और न ही किसी प्रशिक्षण से जुड़े हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”इनमें करीब 88 प्रतिशत युवा घरेलू कामों में लगे हैं।”
उन्होंने जुलाई 2026 के आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) का हवाला देते हुए कहा कि युवाओं में बेरोजगारी दर 15.6 प्रतिशत है, जबकि युवा महिलाओं में यह दर 19.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि स्नातक होने के बाद युवाओं के लिए नौकरियां कहां हैं? उन्होंने दावा किया कि 20 से 29 वर्ष के आयु वर्ग के बेरोजगारों में स्नातकों की हिस्सेदारी 67 प्रतिशत है, जबकि 15 से 25 वर्ष के स्नातकों में बेरोजगारी करीब 40 प्रतिशत है।
